धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज। दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राएं जो विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित रह गए हैं, उनके लिए राहत की खबर है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महराजगंज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के वंचित छात्रों के आवेदनों के निस्तारण के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों को 1 से 7 सितंबर 2026 तक मास्टर डाटा तैयार कर डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाणित करना होगा। इसके बाद विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा 2 से 8 सितंबर तक शिक्षण संस्थान, पाठ्यक्रम, सीटों की संख्या एवं फीस आदि का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा।

वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा 3 से 9 सितंबर तक फीस आदि का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी को 3 से 10 सितंबर तक रिजल्ट अपडेट करना होगा।
11 से 19 सितंबर तक होगी आवेदनों की जांच और संशोधन
समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 से 15 सितंबर तक एनआईसी द्वारा PFMS सॉफ्टवेयर में सत्यापन के बाद प्राप्त डाटा की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जाएगी। जनपदीय लॉगिन पर उपलब्ध डाटा में यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो शिक्षण संस्थानों के लॉगिन पर संशोधन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
16 से 18 सितंबर तक शिक्षण संस्थान छात्रों के ऑनलाइन आवेदनों में हुई त्रुटियों को सही करेंगे। इसके बाद 17 से 19 सितंबर तक शिक्षण संस्थान पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे तथा अपात्र छात्रों के आवेदन निरस्त किए जाएंगे।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिलाया जा सके। महराजगंज जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी उपलब्ध है।
