
कानपुर नगर- आज दिनांक 12.10.2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश—सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचकर पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। मतदान केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक पुलिस प्रबंध किए जाएं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा निरंतर भ्रमणशील रहकर निगरानी रखी जाए, मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। क्षेत्र में प्रभावी गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए किसी भी संभावित विवाद अथवा अप्रिय घटना की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्थिति में निष्पक्षता बनाए रखें। पुलिस उपायुक्त पश्चिम द्वारा निर्देशित किया गया कि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी पुलिसकर्मी पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें।
