मिशन शक्ति: कक्षा-9 की छात्रा अलशिफा बनीं एक दिन की सीडीओ

रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा Md newsबदायूँ:

13 अक्टूबर।

बदायूं,मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला के निर्देशन में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जगत की कक्षा-9 की छात्रा अलशिफा को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। इस पहल के माध्यम से बालिका को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान किया गया।एक दिन की प्रतीकात्मक मुख्य विकास अधिकारी के रूप में अलशिफा ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की और प्रशासनिक कार्यों की प्रक्रिया को समझा। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा नेतृत्व एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने और उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उच्च पदों पर पहुंचकर देश और समाज की सेवा कर सकें।उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और उनके भीतर यह विश्वास पैदा करना आवश्यक है कि वे भी भविष्य में उच्च प्रशासनिक पदों पर आसीन होकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा सकती हैं। इस प्रकार की पहल बालिकाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं।

6 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *