
योगी के सम्मेलन की तैयारियों में जुटी भाजपा, अशोक चौरसिया ने संभाला मोर्चा
आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग दीर्घाएं, महिलाओं और मीडिया के लिए भी होगी पृथक व्यवस्था
मंच, ध्वनि, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का किया निरीक्षण
वाराणसी 13 अक्टूबर :– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सभा स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित कार्यकर्ताओं को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और सम्मेलन में आने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अशोक चौरसिया ने आठ विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए बनाई जा रही अलग-अलग दीर्घाओं की व्यवस्था देखी। महिलाओं, प्रबुद्धजनों और मीडिया कर्मियों के लिए निर्धारित स्थानों का भी जायजा लिया। उन्होंने मंच की तैयारी, ध्वनि व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं से जानकारी ली।
क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक-स्नातक सम्मेलन संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने आने वाले शिक्षकों, स्नातकों और कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुचारु संचालन और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
सम्मेलन की तैयारियों में भाजपा कार्यकर्ता जुटे हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय,अजीत रावत,संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा और अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
