मोदी के स्वागत में भाजपा ने झोंकी ताकत

12 स्थानों पर तैनात रहेंगे कार्यकर्ता, काशी में एयर शो को बताया प्रधानमंत्री की बड़ी सौगात

25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, मिर्जामुराद में अरविंद मिल का करेंगे उद्घाटन

दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन पहुंचकर नमोघाट पर वायुसेना के एयर शो में होंगे शामिल, स्वागत के लिए क्षेत्र, जिला और महानगर संगठन को सौंपी गई जिम्मेदारी

महिला मोर्चा से लेकर मंत्रियों, विधायकों और पदाधिकारियों तक को मिली कमान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों से दिखेगी काशी की पहचान

वाराणसी 24 अक्टूबर:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित काशी दौरे को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए क्षेत्र, जिला और महानगर संगठन को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए 12 प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती की योजना बनाई गई है। स्वागत की कमान मंत्रियों, विधायकों, महापौर, संगठन के पदाधिकारियों और महिला मोर्चा को सौंपी गई है। नमोघाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो के दौरान भी विशेष स्वागत व्यवस्था रहेगी। भाजपा इसे केवल प्रधानमंत्री का दौरा नहीं, बल्कि काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव को प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में पेश कर रही है।

गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित क्षेत्र, जिला और महानगर पदाधिकारियों, मंडल एवं मोर्चा अध्यक्षों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे पदाधिकारियों की बैठक में स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की गई। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से, अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक तीन से चार महीने के अंतराल पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी आते रहे हैं। हर दौरे में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलती है। इस बार काशी में एयर शो का आयोजन प्रधानमंत्री की ओर से काशीवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अपने सांसद का इंतजार केवल काशी के लोगों को ही नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं को भी रहता है। उनके आगमन की खबर से शहर में उत्सव जैसा माहौल बन जाता है और लोग स्वागत के लिए आतुर रहते हैं।

अशोक चौरसिया ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने निर्धारित स्वागत स्थल पर समय से पहले पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी से दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और काशीवासियों की अगुवाई में प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन किया जाएगा।

पूर्वांह अरविंद मिल का उद्घाटन, दोपहर में गंगा के ऊपर एयर शो

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग द्वारा नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि नमोघाट पर एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे और फिर विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम को देखते हुए स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं की समयबद्ध तैनाती और समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी आगमन पर कार्यकर्ताओं को पूरे जोश और उत्साह के साथ स्वागत करना है। उन्होंने कहा कि पहले एयर शो जैसे आयोजन बड़े महानगरों में होते रहे हैं, लेकिन काशी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से यह आयोजन काशी में संभव हो पाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिसे जो दायित्व सौंपा गया है, वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा करे। संगठन की प्रतिष्ठा और कार्यक्रम की सफलता कार्यकर्ताओं की अनुशासित भागीदारी पर निर्भर करेगी।

महानगर के आठ और जिले के चार स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि महानगर संगठन की ओर से आठ स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत करेंगी। इसके बाद पुलिस लाइन के सामने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में, पुलिस लाइन चौराहे पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यकर्ता अभिनंदन करेंगे। खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने हुकुलगंज तिरमुहानी के पास महापौर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वागत होगा। चौकाघाट लकड़ी मंडी में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी की अगुवाई में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। गोलगड्डा तिराहे पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव और प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। कज्जाकपुरा में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और विद्यासागर राय की अगुवाई में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। भदऊं चुंगी मोड़ पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में महानगर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। महानगर संगठन ने सभी निर्धारित स्थलों पर कार्यकर्ताओं की समय से मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने बताया कि जिला संगठन की ओर से चार स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान, नमोघाट मोड़ तथा नमोघाट स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इसके अतिरिक्त नमोघाट पर भी विशेष स्वागत व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता काशीवासियों के साथ प्रधानमंत्री के अभिनंदन में जुटेंगे। स्वागत के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान प्रदर्शित की जाएगी। संगठन की योजना प्रधानमंत्री के स्वागत को जनभागीदारी से जोड़ते हुए काशी की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता देने की है।

बैठक की विषय प्रस्तावना भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने रखी। संचालन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने दिया।

बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल,एमएलसी अश्विनी त्यागी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी और अनिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, संजय सोनकर, अजय गुप्ता, पूजा दीक्षित, शैलेन्द्र मिश्रा, चंद्रशेखर उपाध्याय, राहुल सिंह, संदीप केशरी, संजीव चौरसिया और प्रमील पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *