रिपोर्ट-मोहम्मद शाबान

लखनऊ (पश्चिमी जोन) — उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुराने शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। थाना चौक क्षेत्र अंतर्गत नक्खास चौराहे पर देर रात लगभग 3 से 4 बजे के बीच दबंगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी और कानून व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित रहमान ने थाना चौक में दी गई तहरीर में फैज, तालिब और कुछ अन्य अज्ञात लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। रहमान के मुताबिक, मामूली विवाद के बाद दबंगों ने असलहा निकाल कर गोली चला दी।

इस दौरान घटनास्थल पर समाजवादी पार्टी के मौजूदा पार्षद हलीम भी मौजूद थे। हालांकि पार्षद की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस ने मौके से चली हुई गोली का खोखा बरामद कर लिया है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि फायरिंग हुई थी। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूत्रों का दावा है कि आरोपी अपनी ऊंची पहुंच और राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

लोकल लोगों में डर का माहौल
इलाके के लोगों में दहशत है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर रात के समय चौराहे पर इस तरह खुलेआम गोली चल सकती है, तो आम आदमी खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे?

इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सतर्कता और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लखनऊ वेस्ट जोन में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं अब लोगों को बेचैन कर रही हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *