रिपोर्ट-सोनू पटेल
सुबह साढ़े दस बजे सीतापुर लालबाग पार्क से निकलेगी ऐप्जा की ऐक्शन रैली, विशाल काफिले के साथ नैमिषारण्य पहुंचेंगे ऐप्जा चेयरमैन
लखीमपुर खीरी। आए दिन कलमकारों पर हो रहे हमलों से भयभीत और कमजोर की जा रही मीडिया का पुरजोर साथ और समर्थन देकर पत्रकार साथियों को मजबूत और शक्तिशाली बनाकर संरक्षण दे रहे ऐप्जा (आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन) का राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार सीतापुर जनपद के गौरवशाली, अति पुनीत, सहस्त्रों ऋषियों मुनियों की तपस्थली नैमिषारण्य धाम में आयोजित किया जा रहा है। इस अधिवेशन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष रवीन्द्र मिश्रा (चेयरमैन ऐप्जा) करेंगे। प्रदेश भर से नैमिष धाम आने वाले पत्रकारों के इस महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्र एवं राज्य सरकारों के कुछ प्रमुख मंत्रियों को एवं जनपद के सांसदों व विधायकों आदि को विशिष्ट अतिथि के तौर पर रहने की संभावना है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए ऐप्जा के चीफ कोऑर्डिनेटर उत्तर प्रदेश अनुराग एम. सारथी ने बताया कि विगत वर्षों ऐप्जा का राष्ट्रीय अधिवेशन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मनाया जाता रहा है। जिसमें लखीमपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत सहित अन्य जनपद के पत्रकारों की जोरदार सहभागिता रही है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती के महान अवसर पर इस बार राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन कर प्रदेश के तमाम पत्रकारों का स्वागत एवं सम्मान करने का अवसर सीतापुर जनपद को मिल रहा है। नैमिष धाम में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में आए दिन पत्रकारों पर हो रहे हमलों से कमजोर हो रही मीडिया, अभिव्यक्ति की आजादी पर हो रहे कुठाराघात पर विचार विमर्श एवं समाधान तलाशने के साथ देश-प्रदेश के विकास में मीडिया की भूमिका पर वृहद परिचर्चा की जाएगी। उत्तर प्रदेश के तमाम वरिष्ठ पत्रकार साथियों के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
चेयरमैन ऐप्जा रवीन्द्र मिश्रा आज 25 सितंबर को प्रातः10 बजे लालबाग पार्क पहुंचेंगे। सूक्ष्म जलपान के उपरांत अपने समस्त साथियों के साथ सीतापुर नगर में जनजागरण करते हुए रामकोट और मिश्रिख होते हुए अपने पूरे काफिले के साथ साढ़े बारह बजे नैमिष धाम पहुंचकर राष्ट्रीय अधिवेशन की अध्यक्षता करेंगे और सायं पांच बजे माता ललिता देवी के दर्शन पूजन के उपरांत लखनऊ वापसी करेंगे। श्री सारथी ने प्रदेश के समस्त पत्रकार साथियों से इस राष्ट्रीय अधिवेशन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। वहीं ऐप्जा जिलाध्यक्ष लखीमपुर खीरी संदीप शुक्ला ने भी जनपद लखीमपुर खीरी के पत्रकार साथियों से राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता करने की अपील की है।
