गोंडा एमडी न्यूज अजीत कुमार यादव

गोण्डा। बरवार समुदाय के उत्थान एवं सामाजिक सुधार हेतु थाना धानेपुर एवं थाना मोतीगंज क्षेत्र में चौपालों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशानुसार वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने दोनों क्षेत्रों में गहन सर्वेक्षण और संवादात्मक बैठक का संचालन किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी महोदया सुश्री शिल्पा वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर श्री विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज व धानेपुर, राजस्व विभाग, ग्राम विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग और आंगनवाड़ी/आशा बहू की टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही। बैठकें ग्राम दुल्हापुर (धानेपुर) तथा ग्राम छजवा (मोतीगंज) में आयोजित की गईं, जिसमें लगभग 200 बरवार नागरिक, महिला, नवयुवक और शिक्षार्थी बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय के लोगों की समस्याओं को समझना, उनकी सामाजिक व आर्थिक चुनौतियों की पहचान करना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़कर विकास की दिशा में मार्गदर्शन देना था। विभिन्न विभागों ने शासन स्तर से मिलने वाली योजनाओं, सुविधाओं और विकास से संबंधित जानकारी साझा की। पुलिस विभाग की ओर से पहले अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे बरवार समुदाय के लोगों को अपराध न करने और समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। नवयुवकों ने आश्वस्त किया कि वे अब शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और अपने परिवार के साथ समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करना चाहते हैं। चौपालों में उपस्थित नागरिकों के नाम, पता, परिवार की संख्या और रोजगार की जानकारी मौके पर रजिस्टर में अंकित की गई। बैठक के दौरान नागरिकों को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं से उनकी व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों पर सुझाव भी प्राप्त किए साथ ही महिलाओं को भरोसा दिलाया गया कि गोण्डा पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए उपलब्ध है

पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सभी जातियों और समुदायों को मुख्यधारा में लाना और उनका समग्र विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इस पहल के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश दिया कि सामाजिक सुधार और समुदाय के उत्थान में पुलिस केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को सुधारने में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *