धर्मेन्द्र कसौधन (राष्ट्रीय ब्यूरो)
“सुरक्षा, संवेदनशीलता और सशक्त कानून-व्यवस्था की ओर एक मजबूत कदम”
महराजगंज। जनपद के सिंदुरिया थाना अंतर्गत चिउटहा पुलिस चौकी में रविवार को एक नया इतिहास दर्ज हुआ। चौकी के गठन के बाद पहली बार महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। एसआई सारिका सिंह ने चौकी प्रभारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियों की शुरुआत की।
पदभार संभालते ही एसआई सारिका सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनसुनवाई को प्रभावी बनाना, आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष व संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना उनकी कार्यशैली का मूल उद्देश्य होगा।

बतौर चौकी प्रभारी यह उनकी पहली पोस्टिंग है। इससे पूर्व वह श्यामदेउरवा थाने में तैनात रह चुकी हैं, जहां उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और जनहित के प्रति सजग रवैये की सराहना होती रही है। मिशन शक्ति अभियान के तहत किए गए उनके प्रभावी प्रयासों ने उन्हें एक संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में स्थापित किया है।
23 बैच की तेज-तर्रार और अनुशासित दारोगा सारिका सिंह की तैनाती से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ महिलाओं में सुरक्षा और भरोसे की भावना और सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस ऐतिहासिक नियुक्ति का स्वागत करते हुए बेहतर, पारदर्शी और जनोन्मुखी पुलिसिंग की आशा व्यक्त की है।
