MD News – बहुआयामी समाचार चैनल
रोहित जैन “दभेड़ी वाले”
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
बुढ़ाना, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)
शामली / गाज़ीपुर / बिहार / मेरठ
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में उत्तर प्रदेश के युवाओं और बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शामली की बेटी आस्था जैन ने रचा इतिहास
जनपद शामली के कस्बा कांधला की होनहार बेटी आस्था जैन ने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक–9 प्राप्त कर पूरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से शामली जनपद ही नहीं बल्कि पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है।
आस्था जैन की मेहनत, लगन और समर्पण आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

मेरठ के किसान पुत्र हर्ष नेहरा बने IAS
मेरठ जनपद के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी किसान परिवार के होनहार पुत्र हर्ष नेहरा (पुत्र अजय नेहरा) ने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक–74 प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
गांव की मिट्टी में पले-बढ़े किसान पुत्र की यह सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
UPSC रिजल्ट में बड़ा विवाद भी सामने आया
इसी बीच UPSC रिजल्ट 2025 में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मेरिट लिस्ट में AIR–301 पर दर्ज आकांक्षा सिंह के नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि एक आकांक्षा सिंह उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर से हैं, जबकि दूसरी आकांक्षा सिंह बिहार के आरा से हैं। दोनों ही छात्राओं ने रोल नंबर 0856794 पर दावा किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि गाज़ीपुर की आकांक्षा सिंह के इंटरव्यू कॉल लेटर पर यही रोल नंबर दर्ज है और QR कोड स्कैन करने पर भी वही नंबर दिखाई देता है।
वहीं बिहार की आकांक्षा सिंह के प्रीलिम्स एडमिट कार्ड पर भी यही रोल नंबर लिखा है, लेकिन QR कोड स्कैन करने पर 085659 रोल नंबर दिखाई देता है।
इस खुलासे के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं—
क्या UPSC से कोई तकनीकी गलती हुई है?
या फिर किसी एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ की गई है?
फिलहाल इस पूरे मामले पर UPSC की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
जहाँ एक ओर आस्था जैन और हर्ष नेहरा जैसे प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता देश के युवाओं को प्रेरित कर रही है, वहीं रिजल्ट से जुड़ा यह विवाद भी चर्चा में बना हुआ है।
