धर्मेन्द्र कसौधन/एमडी न्यूज़ ब्यूरो
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आज दिनाँक 30 मई 2026 को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी विभागों को आगामी एक वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए।

NFHS आंकड़ों का अध्ययन
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के आंकड़ों का गहन अध्ययन करने को कहा ताकि जनपद के कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष रणनीति के तहत सुधार किया जा सके।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार (मिशन कायाकल्प)
बेसिक शिक्षा विभाग को मिशन कायाकल्प के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों को शत-प्रतिशत सुविधाओं से संतृप्त करने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, डिजिटल शिक्षण और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया गया।

मनरेगा और ग्राम्य विकास
मनरेगा के तहत निर्मित संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करने और उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाने को कहा गया। परफॉर्मेंस ग्रांट प्राप्त ग्राम पंचायतों को ‘मॉडल ग्राम’ के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए खंड विकास अधिकारियों से एक माह के भीतर ग्राम पंचायतवार प्रस्तुतीकरण मांगा गया है।
स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन
पंचायतीराज विभाग को गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा निर्माणाधीन प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिटों का काम जल्द पूरा कर उन्हें शुरू करने के निर्देश दिए गए।
आदर्श गोसदन का विकास
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गोसदन मधवलिया को जनपद के ‘आदर्श गोसदन’ के रूप में विकसित करने को कहा, जहाँ निराश्रित गोवंशों के लिए चारा, चिकित्सा और स्वच्छता की उत्तम व्यवस्था हो।

महिला सशक्तिकरण।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बैंक लिंकेज, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
वृक्षारोपण और नवाचार
आगामी वृक्षारोपण अभियान के तहत गड्ढों की समय पर खुदाई सुनिश्चित करने और पौधों को जीवित रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, सभी विभागों को अपने कार्यक्षेत्र में कम से कम एक नवाचारी (Innovative) पहल शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी का संदेश
“योजनाओं की सफलता का मूल्यांकन केवल बजट खर्च करने के आधार पर नहीं, बल्कि आमजन को मिलने वाले वास्तविक लाभ के आधार पर होगा। अधिकारी नियमित फील्ड भ्रमण करें और जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।”
विकास भवन परिसर का निरीक्षण
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने विकास भवन परिसर का निरीक्षण किया और नवनिर्मित सभागार को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और हरित बनाने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थिति।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे राजेंद्र, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, उपायुक्त मनरेगा गौरवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
