एम डी न्यूज़ संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूँ

बिल्सी(बदायूँ)। एक तरफ जहां बिल्सी नगर पालिका क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। नगर के बदायूं बस स्टैंड पर आने-जाने वाले राहगीर इस भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। पालिका प्रशासन यात्रियों को पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने में भी नाकाम साबित हो रहा है।
विज्ञापनों के तले दबी प्याऊ, टोटियां भी गायब
बदायूं बस स्टैंड पर स्थित पानी की प्याऊ पिछले कई सालों से खराब पड़ी है। देखरेख के अभाव में प्याऊ पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हद तो तब हो गई जब इस प्याऊ की पानी की टोटियां तक गायब हो चुकी हैं और पूरे प्याऊ को विज्ञापन का स्टैंड बना दिया गया है। प्याऊ की दीवारें पूरी तरह से विज्ञापनों के पोस्टरों से ढकी हुई हैं। इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिल्सी पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अपने काम के प्रति कितने लापरवाह और संवेदनहीन हैं।
सोशल मीडिया पर उठ रहा जनता का गुस्सा
बस स्टैंड पर कोई अन्य चालू नल न होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिल्सी नगर पालिका की इस घोर लापरवाही और क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर जमकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। इससे संबंधित शिकायतें और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
समाजसेवी बनकर सामने आए टिंकू गुप्ता
जहां एक तरफ प्रशासन मौन बैठा है, वहीं स्थानीय निवासी टिंकू गुप्ता ने मानवता की मिसाल पेश की है। प्यास से व्याकुल राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने निजी प्रयासों से वहां पानी के टैंक की व्यवस्था की है। टिंकू गुप्ता हर रोज इस टैंक में शुद्ध और साफ पानी भरवाते हैं, जिससे राहगीरों को इस तपती गर्मी में राहत मिल रही है। उनके इस पुनीत कार्य की स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि विज्ञापनों के नीचे दबी इस प्याऊ को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए और बस स्टैंड पर पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
