जौनपुर से जिला ब्यूरो अमन विश्वकर्मा की रिपोर्ट
बिहार दौरे पर रहीं लोजपा (रामविलास) महिला काशी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय
वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिला काशी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने मंगलवार को बिहार दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की। दौरे के दौरान डॉ. प्रीति उपाध्याय ने बिहार के विधायक, सचेतक, नेता विधायक दल एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी से विशेष मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मजबूत बनाने तथा जनाधार बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश के कई
जिलों में बड़े कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की तैयारी कर रही है। डॉ. प्रीति उपाध्याय ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। सूत्रों के मुताबिक डॉ. प्रीति उपाध्याय आगामी विधानसभा चुनाव में भी सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं। पार्टी संगठन उन्हें चुनावी मैदान में उतारने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण और उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

