अमेठी ब्लॉक के बाहर नारियल दुकानदारों की लापरवाही से नाला जाम, जलभराव की बढ़ी समस्या
अमेठी। अमेठी ब्लॉक परिसर के बाहर अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकान लगाए कुछ नारियल विक्रेताओं पर खुले नाले में नारियल के छिलके और अन्य कचरा फेंकने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदार नारियल बेचने के बाद उसका खाली छिलका सीधे नाले में डाल देते हैं, जिससे नाला जाम हो जाता है और हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर नालों की सफाई कराई जाती है, लेकिन दुकानदारों की इस लापरवाही के कारण सफाई व्यवस्था बेअसर साबित हो रही है। नाले में लगातार कचरा डाले जाने से जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि नाले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा अवैध अतिक्रमण हटाकर नालों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़

