
फतेहपुर। रसूलपुर भभैचा स्थित एस.आर. डिग्री कॉलेज में बुधवार को पंचायत प्रहरी समागम के तहत पंचायत सेना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पंचायत फाउंडेशन के संस्थापक एवं सदर के निवर्तमान विधायक विक्रम सिंह ने पंचायत प्रहरियों को सम्मानित कर गांवों के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पंचायत सेना और पंचायत प्रहरियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। विक्रम सिंह ने कहा कि पंचायत फाउंडेशन का उद्देश्य ग्राम पंचायतों के विकास की कार्ययोजना तैयार कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पंचायत प्रहरियों से अपने-अपने गांवों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उनका कहना था कि आपसी विवादों से ऊपर उठकर विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं, तभी पंचायतों का समग्र विकास संभव होगा। कार्यक्रम में उपस्थित पंचायत सेना के सदस्यों ने भी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग का भरोसा जताया। इस अवसर पर सुशील तिवारी, सुरेंद्र मौर्य, विनोद गौतम, अंशू सिंह, आदर्श सिंह, विनय शंकर, राजा मौर्य, सुजीत तिवारी, आशुतोष , राजू यादव, शिव शरण, प्रेम मौर्य, गोरेलाल, पूर्व प्रधान राम सुमेर सहित ब्लॉक क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
