महराजगंज।क्या आप भी वीकेंड या सफर के दौरान “थोड़ी सी” पीकर गाड़ी दौड़ाने की सोच रहे हैं? अगर हाँ, तो सावधान हो जाइए! महराजगंज की सड़कों पर अब यमराज से पहले महराजगंज पुलिस आपका इंतज़ार कर रही है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और लोगों के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने एक बेहद सख्त और अनोखा अभियान ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ शुरू किया है।

​यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और हादसों में प्रभावी कमी लाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी क्रम में यातायात पुलिस की टीमों ने नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख तिराहों और चौराहों पर नाकेबंदी कर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

ब्रीद एनालाइजर से मापा जा रहा ‘नशा’

​इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि पुलिस अब केवल कागजात देखकर नहीं छोड़ रही, बल्कि अत्याधुनिक ब्रीद एनालाइजर (Breath Analyzer) मशीनों के साथ मुस्तैद है। चेकिंग के दौरान जैसे ही किसी चालक पर शक हो रहा है, तुरंत उसका टेस्ट किया जा रहा है।

नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

​पुलिस की इस मुस्तैदी का असर भी देखने को मिला। अभियान के दौरान जितने भी वाहन चालक शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चलाते पाए गए, उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने बिना कोई ढिलाई बरते, ऐसे सभी लापरवाह चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त चालान की कार्रवाई की और भारी जुर्माना भी ठोका।

​यातायात पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के पियक्कड़ चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का साफ संदेश है—“नशा और रफ्तार, दोनों ही जिंदगी पर भारी हैं। अगर महराजगंज की सड़कों पर चलना है, तो नियमों का पालन करना ही होगा।”

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *