सनबीम वीमेंस कॉलेज वरुणा में ‘लाईसियम 2026’ का भव्य शुभारंभ

एमयूएन एवं यूथ पार्लियामेंट में 17 महाविद्यालयों के 220 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

वाराणसी। सनबीम वीमेंस कॉलेज वरुणा में ‘लाईसियम 2026–आदर्श संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद’ के दो दिवसीय आयोजन का मंगलवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। 1 एवं 2 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में 17 महाविद्यालयों के करीब 220 विद्यार्थी छह अलग-अलग कमेटियों में प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय एवं बॉम्बे उच्च न्यायालय की अधिवक्ता स्नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सनबीम समूह की निदेशिका अमृता वर्मन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और समसामयिक विषयों की समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरे उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया। सनबीम समूह के ऑनरेरी निदेशक हर्ष मधोक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के युवा ही भविष्य के सशक्त नेतृत्व की आधारशिला हैं।
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने आदर्श संयुक्त राष्ट्र एवं युवा संसद की विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों एवं युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों ने समसामयिक और वैश्विक मुद्दों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शालिनी सिंह ने कहा कि ‘लाईसियम 2026’ विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ-साथ नेतृत्व, अभिव्यक्ति, तर्क-वितर्क, निर्णय क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *