रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कसौधन
महराजगंज। घुघली विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत मेदनीपुर निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष घुघली दक्षिणी पूर्व मंडल प्रभारी, सिसवा बाजार जगदीशमल (लगभग 60 वर्ष) का शुक्रवार की सुबह आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जगदीशमल के निधन की सूचना मिलते ही उनके शुभचिंतकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बताया जाता है कि जगदीशमल लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे और पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी के रूप में उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में भी गहरा दुख है।शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने कहा कि जगदीशमल का सरल स्वभाव और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन को क्षेत्र के लोगों ने अपूरणीय क्षति बताया।
निधन की सूचना के बाद दिनभर उनके आवास पर शुभचिंतकों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।जगदीशमल के निधन से ग्राम पंचायत मेदनीपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
