एमडी न्यूज रिपोर्टर – अजीत यादव

गोण्डा। गोण्डा में महज छह साल की उम्र में एक नन्हे बच्चे ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और प्रतिभा से ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। इटियाथोक क्षेत्र के परसिया बहोरीपुर गांव निवासी रुद्र प्रताप साहू ने अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है। पहली कक्षा में पढ़ने वाले रुद्र प्रताप ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के नाम महज 45 सेकेंड में सुनाकर अपनी याददाश्त का शानदार प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं, रुद्र ने भारत के संविधान की प्रस्तावना सिर्फ 37 सेकेंड में सुनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रुद्र की प्रतिभा यहीं नहीं रुकती। वह भारत के राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम, सामान्य ज्ञान के करीब 100 सवालों के जवाब और कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी बेहद सहजता से बता देता है। रुद्र की इस असाधारण प्रतिभा से प्रभावित होकर अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी उसे सम्मानित कर चुके हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। रुद्र का नाम इंडिया बुक में दर्ज होने के बाद परिवार से लेकर पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छह साल की उम्र में ज्ञान और स्मरण शक्ति का यह हुनर अब दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा की मिसाल बन रहा है।

14 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed