
कानपुर। शहर की जर्जर और खस्ताहाल सड़कों से जूझ रहे कानपुरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम के अभियान के बाद अब यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी निर्माण कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधार और डामरीकरण का काम तेज कर दिया है।
इसी क्रम में मेट्रो प्रशासन ने विजयनगर चौराहे से दादानगर की ओर जाने वाली प्रमुख सड़क का मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
लंबे समय से इस मार्ग की हालत बेहद खराब थी। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उड़ती धूल के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों का निकलना दूभर हो गया था धूल के गुबार से वायु प्रदूषण बढ़ रहा था और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी
मेट्रो के अधिकारियों के अनुसार, सड़क के समतलीकरण और नई परत बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि औद्योगिक क्षेत्र दादानगर और विजयनगर के बीच आवागमन सुगम हो सके। सड़क दुरुस्त होने से न सिर्फ धूल से निजात मिलेगी, बल्कि ट्रैफिक की रफ्तार भी बेहतर होगी।

