हाथरस, 26 सितंबर 2026 (सू0वि0)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश के आदेशानुसार 25 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक गांधी जयंती के अवसर पर जनपद हाथरस के माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य किशोर एवं किशोरियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के कड़े प्रावधानों एवं इसके कानूनी परिणामों के प्रति जागरूक करना है।इसी क्रम में 26 सितंबर को सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज, हाथरस में अपर जनपद न्यायाधीश प्रशान्त कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों और कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।अपर जनपद न्यायाधीश प्रशान्त कुमार एवं असिस्टेंट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल आशुतोष गौतम ने छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त विधि छात्राओं गरिमा वशिष्ठ एवं स्नेहलता तथा पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह एवं रामकुमार शर्मा ने भी छात्राओं को जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल अपराधों से बचाव, कानून के प्रावधानों तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता देवी सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

