लखीमपुर खीरी। जिले में तेज हवाओं के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कासगंज-लखनऊ एक्सप्रेस पिछले करीब ढाई घंटे से लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। ट्रेन के लंबे समय से स्टेशन पर खड़े रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओयल-हरगांव के बीच रेलवे ट्रैक पर कई पेड़ गिर गए हैं, जिसके चलते रेल मार्ग बाधित हो गया। इसके अलावा हरगांव-सीतापुर के बीच भी पेड़ गिरने से रेलवे ट्रैक प्रभावित होने की सूचना है।
तेज हवाओं के कारण ट्रैक पर गिरे पेड़ों को हटाने में भी परेशानी आ रही है। रेलवे की ओर से मार्ग को साफ करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जब तक ट्रैक पूरी तरह से साफ नहीं हो जाता, तब तक रेल यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के लंबे समय से खड़े होने के चलते यात्रियों में इंतजार बढ़ता जा रहा है। यात्री ट्रेन के आगे रवाना होने का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्टर — विजय कुमार

