कमरे में खून से लथपथ मिले दोनों के शव, पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे मौके पर—डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सादाबाद। हाथरस जिले के कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के नगला मंस्या मोहल्ले में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी की हत्या की जानकारी सामने आई। पति-पत्नी के शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। एक साथ दो लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों की हत्या किस वजह से और किन परिस्थितियों में की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई। आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस वारदात से जुड़े हर पहलू को खंगाल रही है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक दंपती के परिचितों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, विवाद या अन्य किसी वजह को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोहरी हत्या की वारदात के बाद नगला मंस्या मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
।रिपोर्ट राजा पाठक

