दाऊजी मेला देखकर गांव लौट रहे थे दोनों किशोर, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में भरतपुर कट के पास बीती देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 16 वर्षीय समीर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।जानकारी के अनुसार गांव भोजगढ़ी निवासी दोनों किशोर बाइक से हाथरस में चल रहे दाऊजी महाराज के मेले में आए थे। मेला देखने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भरतपुर कट के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल स्थित बागला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 16 वर्षीय समीर को मृत घोषित कर दिया।वहीं दूसरे घायल किशोर अरमान की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।किशोर की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट संजीव कुमार तेनगुरिया

