
राष्ट्रीय शौर्य महासम्मेलन में गूंजे पिछड़ा, दलित व वंचित समाज के अधिकारों के मुद्दे
वाराणसी। पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुमार की 118वीं जयंती के अवसर पर रविवार को अखरी बाईपास के पास पीएस-4 एवं प्रगति समाज पार्टी की ओर से राष्ट्रीय शौर्य महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रजापति समाज सहित अति पिछड़ा समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया।
सम्मेलन में समाज के दबे-कुचले, पिछड़े और वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने अच्छी शिक्षा की व्यवस्था, किसानों को बिना ब्याज 10 लाख रुपये तक ऋण, खाद पर 80 प्रतिशत सब्सिडी, महंगाई पर नियंत्रण तथा युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिलाओं और बच्चों के संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा हुई। नई शिक्षा नीति, फीस वृद्धि और शिक्षा के व्यवसायीकरण को लेकर वक्ताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि इन नीतियों के कारण बहुजन समाज के बच्चों के सामने शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयां बढ़ रही हैं।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रगति समाज पार्टी ने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र से प्रकाश प्रजापति को अपना प्रत्याशी घोषित किया।
कार्यक्रम के मार्गदर्शक निराला जी, राजेश कुमार प्रजापति, रमेश प्रसाद चौधरी, राकेश प्रजापति एवं डॉ. दूधनाथ प्रजापति रहे। मुख्य अतिथि प्रो. मुकेश मालवीय, किशोर कुमार दुल्हेपुरा, राष्ट्रीय महासचिव राजेश कुमार प्रजापति तथा मुख्य वक्ता सुभाष चंद्र प्रजापति रहे।
विशिष्ट अतिथियों में नंदा प्रसाद विश्वकर्मा, नंदा शास्त्री, डॉ. सोमनाथ प्रजापति, डॉ. राहुल राजभर, राम प्रजापति, राकेश कुमार प्रजापति, अरविंद सिंह पटेल, रामदेव प्रजापति, एडवोकेट प्रेम प्रकाश सिंह यादव, मुरारी जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील चौधरी सहित मिर्जापुर से आए राम लखन, मुनीब एवं सोहन आदि मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं समाज के लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
