
सेवा और संवेदना की मिसाल थीं बीना सिंह ‘मिंटो’, पुण्यतिथि पर किया याद
वाराणसी। मंगलवीणा ‘मिंटो’ मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को सारनाथ स्थित माता-पिता धाम वृद्धाश्रम में स्व. बीना सिंह ‘मिंटो’ की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. बीना सिंह ‘मिंटो’ के व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए कहा कि वे निराश्रितों, वृद्धजनों और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों के प्रति सदैव संवेदनशील रहती थीं। माता-पिता धाम वृद्धाश्रम से उनका विशेष जुड़ाव रहा।
संस्था के संचालक ओमप्रकाश सिंह ने उनके परोपकारी एवं सेवाभावी व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगला सिंह ने की। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट धर्म प्रचार, नारी सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा एवं वृद्धजन सेवा के उद्देश्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का वितरण किया गया। इसके बाद रात्रि भोज का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 150 लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर स्व. बीना सिंह ‘मिंटो’ के पुत्र मयंक सिंह सेंगर, सुपुत्री पूजा सिंह, ट्रस्टी रामभरत यादव, अभिषेक सिंह, रेवा सिंह, महातिम सिंह, जयप्रकाश सिंह ‘मुन्ना’, गजेंद्र प्रताप सिंह, रुद्रांश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
