
अयोध्या. अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर सियासी पारा चढ़ गया है. पूर्व मंत्री और अयोध्या के कद्दावर नेता तेज नारायण पांडे,पवन ने बलरामपुर में योगी के द्वारा अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर जोरदार पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि सपा अयोध्या से चुनाव लड़ेगी और अखिलेश यादव भी आएंगे, लेकिन पहले मुख्यमंत्री अपनी सीट पक्की कर लें.
पवन पांडे ने 2022 का जिक्र करते हुए कहा, “पिछली बार योगी जी के लोग अयोध्या में डेरा डाल चुके थे. मिठाई बंटने लगी थी, बूथ प्रभारियों को मोबाइल और कपड़े बांटे जा रहे थे. लग रहा था योगी जी अयोध्या से लड़ेंगे. लेकिन दिल्ली से सूची आई तो अयोध्या से उनका नाम ही कट गया.उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो अपना टिकट नहीं बचा पाए, वो अखिलेश जी को चुनौती दे रहे हैं. पहले अयोध्या से टिकट लगवाएं, फिर बात करें.
लड़ता हूं; सपा प्रमुख ने दिया जवाब
पूर्व मंत्री ने कहा कि योगी जी भूल गए हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या की जनता ने भाजपा को हरा कर भेज दिया था. राम मंदिर के नाम पर चढ़ावा खाने वालों को प्रभु श्रीराम की नगरी माफ नहीं करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास के नाम पर मकान-दुकान गिराए गए, व्यापारियों को बर्बाद किया गया और मुआवजा अधिकारी खा गए. किसानों की जमीनें प्रॉपर्टी डीलरों और सत्ता के गठजोड़ ने लूटीं. “किसान भूला नहीं है, व्यापारी भूला नहीं है. अयोध्या में हो रही लूट को पूरी दुनिया देख रही है.”
विकास पर तंज कस्ते हुए पवन पांडे ने कहा कि पहली बरसात में ही योगी सरकार के विकास की पोल खुल गई. अयोध्या में सड़कें बह गईं और गोरखपुर में उनके खुद के पार्षदों ने विकास की हकीकत दिखा दी. 2027 का दावा करते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश की देवतुल्य जनता इस बार भाजपा की विदाई तय कर चुकी है. प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे.योगी के सामने चुनाव लड़ने के सवाल पर पवन पांडे ने कहा, “इसमें चुनौती कैसी? 10 साल से जनता के बीच हूं, हर सुख-दुख में साथ खड़ा हूं. देवतुल्य क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद से चुनाव लड़ूंगा और जीतूंगा.”
