संवाददाता जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख

मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र में महोली रोड पर शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे रमनलाल सोरवाला पब्लिक स्कूल के सामने बैक करते समय एक बेलनो कार अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए डीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान राहुल (18) की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह कंट्रोल रूम और पीआरवी 6695 को सूचना मिली कि महोली रोड पर एक कार नाले में गिर गई है। कार में सवार लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही हाईवे थाने के उपनिरीक्षक आनंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जांच में सामने आया कि बेलनो कार में तीन युवक सवार थे। इनमें आमीन (24) पुत्र अकबर निवासी गोपालनगर, थाना हाईवे, एबी (18) पुत्र हनीफ और राहुल (18) पुत्र इशाक निवासी देवनगर, थाना कोतवाली शामिल थे। बताया गया कि चालक कार को पीछे कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

तीनों घायलों को तत्काल डीएस अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन राहुल की जान नहीं बच सकी। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घायल आमीन और एबी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से मेमो मिलने के बाद पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके पर यातायात सुचारु रहा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या सामने नहीं आई।

17 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed