
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कृषि अनुदान वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, विधायक बब्बू भैया ने बांटे प्रमाण-पत्र
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
जनपद बदायूं दातागंज- तहसील परिसर दातागंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से दैवीय आपदाओं से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने प्रभावित किसानों को अनुदान प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बब्बू भैया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि दातागंज विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ एवं चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित 17,600 चयनित किसानों के लिए 10 करोड़ 20 लाख 81 हजार 805 रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। शेष पात्र किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।विधायक ने कहा कि सरकार संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और पात्र किसानों तक समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है।

उन्होंने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए सेवा, समर्पण और अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक माधव सिंह ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, एसडीएम विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार दयाचन्द्र पौरुष, चेयरमैन पति अनूप कुमार गुप्ता, तेजपाल सागर, विजय कुमार सिंह (पालू भैया), जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, पत्रकार एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
