ब्यूरो रिपोर्ट एमडी न्यूज़

एमडी न्यूज़ | महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध असलहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल रवींद्र कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चमनगंज पुल के पास एक व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है और उसे नेपाल के किसी व्यक्ति को बेचने की फिराक में है। सूचना पर उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अमित चौधरी (23), पुत्र राजकुमार चौधरी, निवासी डिगरा बाजार, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा .32 बोर के कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपी असलहे से संबंधित लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर निचलौल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 275/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय, उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक कपिल प्रजापति और कांस्टेबल राम आशीष यादव शामिल रहे।

53 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed