जीआरपी कैंट पुलिस ने 14 वर्षीय बालिका को चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा
ऑपरेशन मुस्कान के तहत प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिली नाबालिग, बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू

वाराणसी। जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घूमती मिली लगभग 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के लिए रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया। बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन रेलवे हेल्प डेस्क के सुपुर्द किया गया।
15 अक्टूबर को रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी और निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जीआरपी कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल संगम सिंह प्लेटफॉर्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया में जांच कर रहे थे। तभी प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक नाबालिग बालिका घूमती हुई दिखाई दी।
पुलिस टीम ने बालिका को संरक्षण में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम प्रिय बंधिता (प्रियांशी), पुत्री शंकर, निवासी अरगुपुरा कला, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर, उम्र लगभग 14 वर्ष बताया। इसके बाद बालिका को जीआरपी कैंट थाने लाया गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन रेलवे हेल्प डेस्क कैंट वाराणसी के सुपरवाइजर शिवम सिंह और कोऑर्डिनेटर गुंजा चौरसिया थाने पहुंचे। पुलिस ने बालिका को आवश्यक कार्रवाई और बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए हेल्पलाइन टीम को सुपुर्द कर दिया।
बालिका को बरामद करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल संगम सिंह शामिल रहे।
