चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटी भाजपा, बूथ प्रबंधन और सामाजिक समीकरणों पर मंथन

जगदीश पटेल ने विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब देने का किया आह्वान, धर्मपाल सिंह ने बूथ समितियों की सक्रियता और जनसंपर्क पर दिया जोर

काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का समापन, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही पर हुई चर्चा

वाराणसी, 15 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान चुनावी रणनीति, सामाजिक समीकरणों, जनसंवाद, क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों और बूथ प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता, नियमित जनसंपर्क और जवाबदेही को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण वर्ग में पीपीटी के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक संरचना, राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय विशेषताओं का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। विस्तारकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक विविधता, जनभावनाओं और स्थानीय समस्याओं को समझते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब दें कार्यकर्ता : जगदीश पटेल
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने उत्तर प्रदेश की चुनावी दृष्टि से सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की प्रभावशीलता केवल राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि कार्यकर्ताओं को जनभावनाओं, स्थानीय समस्याओं और समाज की अपेक्षाओं की भी गहरी समझ रखनी होगी। उन्होंने विस्तारकों से अपने क्षेत्रों में तथ्यपरक आकलन के आधार पर जनसंपर्क को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच नकारात्मक नैरेटिव और भ्रम फैलाने का प्रयास करता है। लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान बदलने को लेकर फैलाए गए भ्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भी विपक्ष के आरोपों का तथ्यों और सरकार के कार्यों के आधार पर जवाब दिया जाना चाहिए।
पीडीए की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए जगदीश पटेल ने विपक्ष की सामाजिक रणनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से परंपरागत समर्थकों के साथ संपर्क मजबूत बनाए रखने और नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सुरक्षा, सुशासन और व्यापारियों के हितों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
जगदीश पटेल ने पूर्ववर्ती सपा सरकार और वर्तमान योगी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कानून-व्यवस्था को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बताया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, व्यापारियों के लिए सुरक्षित वातावरण और सुशासन जैसे विषयों पर सरकार के कार्यों को तथ्यों के साथ जनता के बीच रखने की बात कही। उन्होंने विस्तारकों से स्थानीय समस्याओं को समझने और संगठन की नीतियों एवं सरकार के कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बूथ की मजबूती ही संगठन की असली ताकत : धर्मपाल सिंह
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने ‘संगठन संरचना एवं बूथ कार्य’ विषय पर कहा कि चुनावी सफलता के लिए रणनीति तैयार करने के साथ उसे जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना भी जरूरी है। इसके लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय, कार्यकर्ताओं के दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण और जनसंपर्क अभियानों की निरंतरता आवश्यक है।
उन्होंने बूथ को संगठन की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए बूथ समितियों की सक्रियता, नियमित बैठकें, मतदाताओं से संपर्क और स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को समझे बिना मजबूत जनाधार तैयार नहीं किया जा सकता।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। आम लोगों के बीच निरंतर उपस्थिति, नियमित संवाद और विश्वास का रिश्ता बनाना जरूरी है। बूथ समितियों को जिम्मेदारी के साथ सक्रिय करने के साथ संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा भी होनी चाहिए।
संगठन और समाज के बीच सेतु हैं विस्तारक : अशोक चौरसिया
काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग संगठन की राजनीतिक समझ, सामाजिक दृष्टि और कार्यक्षमता को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। विस्तारक संगठन और समाज के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनका प्रशिक्षित होना और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विस्तारकों को संगठनात्मक दायित्वों के प्रति सजग बनाना और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ क्षेत्र में सक्रिय करना है। सामाजिक विविधता, स्थानीय आवश्यकताओं और जनभावनाओं को समझकर ही प्रभावी जनसंपर्क स्थापित किया जा सकता है। प्रत्येक विस्तारक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करना होगा।
संगठनात्मक कार्यपद्धति और चुनावी तैयारियों पर हुआ मंथन
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में काशी एवं गोरक्ष क्षेत्र के विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों और विधानसभा पालकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक कार्यपद्धति, सामाजिक-राजनीतिक विश्लेषण, क्षेत्रवार परिस्थितियों, जनसंवाद और बूथ प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल और क्षेत्र उपाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने दिया।
इनकी रही उपस्थिति: भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, गोरखपुर क्षेत्र अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अमित राय, अनीता त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश दुबे, अनिल गुप्ता, सतीश पांडेय और विजय गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *