विरासत और विकास का संगम, काशी 3.0’ पुस्तक का लोकार्पण

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने किया विमोचन, प्रदीप अग्रहरि के डेढ़ वर्ष के महानगर अध्यक्ष कार्यकाल का भी किया उल्लेख

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने 15 अक्टूबर को सर्किट हाउस, वाराणसी में ‘विरासत और विकास का संगम, काशी 3.0’ पुस्तक का लोकार्पण किया। पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी में हुए विकास कार्यों, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और भाजपा महानगर संगठन की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर जगदीश पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्राचीन नगरी काशी ने आधुनिकता और संस्कृति के समन्वय का नया दौर देखा है। काशी का विकास अब केवल एक संसदीय क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के माध्यम से शहर को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि काशी आज ‘विरासत भी, विकास भी’ की अवधारणा का उदाहरण बन रही है।
पुस्तक में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल का भी उल्लेख किया गया है। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और उन्हें साथ लेकर चलने की उनकी कार्यशैली को रेखांकित किया गया है। स्वच्छता अभियान, सेवा पखवाड़ा, सामाजिक सरोकारों तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संगठन की भूमिका को भी शामिल किया गया है।
पुस्तक में बताया गया है कि प्रदीप अग्रहरि ने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री की विकास प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका को भी रेखांकित किया गया है।
‘विरासत और विकास का संगम, काशी 3.0’ पुस्तक की परिकल्पना भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की है। इसका संपादन मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय ने किया है, जबकि डिजाइन एवं सह-संयोजन की जिम्मेदारी प्रकाशन विभाग के गणपति यादव ने निभाई है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर प्रभारी एवं एमएलसी अरुण पाठक, महानगर मंत्री पूजा दीक्षित, अजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, शिवांग दुबे, अमित खरे, मधुप सिंह और हीरा यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *