एकेटी ग्रुप की रिटेल कारोबार में लंबी छलांग, तीन साल में 50 शोरूम खोलने का लक्ष्य

एक शोरूम से शुरू हुआ सफर 15-16 शोरूम तक पहुंचा, तनिष्क, प्यूमा, वेस्टसाइड और टाइटन जैसे ब्रांडों के साथ मजबूत हुई पहचान

वाराणसी। संगठित रिटेल कारोबार में विस्तार की नई इबारत लिख रहा एकेटी (AKT) ग्रुप अब अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में है। वर्ष 2012 में एक शोरूम से शुरू हुआ ग्रुप का सफर आज विभिन्न शहरों में लगभग 15 से 16 शोरूम तक पहुंच चुका है। अब ग्रुप ने अगले दो से तीन वर्षों में शोरूम की संख्या बढ़ाकर 50 करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। यह जानकारी रविवार को वाराणसी के चितईपुर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल के सामने तनिष्क शोरूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में एकेटी ग्रुप के अशोक तिवारी और ग्रुप डायरेक्टर आकाश तिवारी ने संयुक्त रूप से दी।
पत्रकार वार्ता में अशोक तिवारी और आकाश तिवारी ने बताया कि एकेटी ग्रुप की कारोबारी यात्रा वर्ष 2012 में तनिष्क शोरूम के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद ग्रुप ने वेस्टसाइड, टाइटन आई प्लस और डब्ल्यूओटी जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के साथ अपने कारोबार का विस्तार किया। वर्ष 2016 में हेलिओस के माध्यम से घड़ियों के रिटेल कारोबार में कदम रखा, जबकि वर्ष 2020 में फैबइंडिया और 2021 में प्यूमा से जुड़कर फैशन एवं लाइफस्टाइल क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत की। इसी क्रम में ग्रुप ने हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में भी प्रवेश किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में टाटा कॉपर वाटर की फैक्ट्री स्थापित कर ग्रुप ने विनिर्माण क्षेत्र में भी कदम बढ़ाया। वर्ष 2024 से विस्तार अभियान को और गति देते हुए पांच अलग-अलग शहरों में प्यूमा के शोरूम स्थापित किए गए। वहीं, आजमगढ़ में संचालित कैरेटलेन शोरूम ने भी अपना पहला वर्ष पूरा कर लिया है। इस तरह आभूषण, फैशन, लाइफस्टाइल और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में ग्रुप लगातार अपनी व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार कर रहा है।
चितईपुर में तनिष्क के नए शोरूम का शुभारंभ
विस्तार योजना के तहत 16 अक्टूबर को वाराणसी के चितईपुर में एपेक्स हॉस्पिटल के सामने तनिष्क के नए शोरूम का शुभारंभ किया जाएगा। बरेली में पहले से संचालित तनिष्क शोरूम के बाद यह एकेटी ग्रुप का दूसरा तनिष्क शोरूम होगा। इसके अलावा बरेली में हेलिओस का नया शोरूम खोलने की भी योजना है।
ग्रुप के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल शोरूम की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ग्राहकों को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के उत्पादों के साथ बेहतर खरीदारी का अनुभव उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच के साथ ग्रुप नए शहरों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने और ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कारोबार को आगे ले जाने की दिशा में काम कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में अशोक तिवारी, ग्रुप डायरेक्टर आकाश तिवारी, रजत जी और तनिष्क चितईपुर शोरूम की स्टोर मैनेजर ममता सिंह उपस्थित रहीं। इस दौरान ग्रुप की कारोबारी यात्रा, अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *