बाजना (मथुरा)।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोरकी (बाजना) इंटर कॉलेज में थाना नौहझील की ‘मिशन शक्ति’ टीम, महिला सशक्तिकरण, ऑपरेशन जागृति और एंटी रोमियो स्क्वाड (महिला बीट फेज 6.0) द्वारा संयुक्त रूप से छात्राओं को जागरूक किया गया।इस मौके पर सब-इंस्पेक्टर (SI) दीप्ति सिंह और SI रजत गर्ग के नेतृत्व में, लेडी हेड कांस्टेबल (LHC) रूबी यादव, लेडी कांस्टेबल (LC) चेतन और LC सलोनी की टीम ने छात्राओं को आत्मसुरक्षा और सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।पुलिस टीम ने छात्राओं को ‘सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श’ (गुड टच और बैड टच) के बारे में जागरूक किया। साथ ही, किशोर-किशोरियों में प्रेम संबंधों के चलते होने वाले पलायन और उससे जुड़ी कानूनी व सामाजिक समस्याओं (ऑपरेशन जागृति के तहत) पर विस्तार से बात की। साइबर अपराधों से बचने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और सीएम अभ्युदय योजना के लाभों के बारे में भी बताया गया।हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी:कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों को कंठस्थ कराया गया, जिनमें प्रमुख हैं
:• 1090 – वीमेन पावर लाइन
• 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
• 1098 – चाइल्ड लाइन
• 181 – वीमेन हेल्पलाइन
• 112 – आपातकालीन पुलिस सेवा
• 102 व 108 – गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवाइस अवसर पर कॉलेज का स्टाफ और भारी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं, जिन्होंने पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की।

