‘
रिपोर्ट _ मोहम्मद अशफाक
लखीमपुर खीरी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत दैनिक जागरण द्वारा लखीमपुर खीरी के होटल कम्फर्ट इन में आयोजित ‘जागरण विमर्श 2026 – विकसित भारत एवं महिला सशक्तिकरण’ कार्यक्रम में दुधवा नेशनल टाइगर रिजर्व सफारी से जुड़ी वन्यजीव रेस्क्यू कर्मी नाजरून निशा को सम्मानित किया गया। खतरनाक सांपों और मगरमच्छों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास तक पहुंचाने के साहसिक कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

नाजरून निशा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अपनी बहादुरी, सूझबूझ और समर्पण के लिए पहचान बना रही हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने वाले खतरनाक सांपों और मगरमच्छों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करना जोखिम भरा कार्य है। ऐसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में उनकी भूमिका वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
दैनिक जागरण द्वारा सम्मानित किए जाने पर नाजरून निशा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरे दैनिक जागरण परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें वन्यजीव संरक्षण और समाज में जागरूकता फैलाने के अपने प्रयासों को और अधिक उत्साह, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। नाजरून निशा का सम्मान इस बात का संदेश है कि साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के बल पर महिलाएं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं।
सशक्त नारी, विकसित भारत की पहचान। नाजरून निशा की उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है।
