मेरा युवा भारत के आयोजन में नशे के दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

रिपोर्ट _ मोहम्मद अशफाक

लखीमपुर खीरी।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शनिवार को सी.जी.एन. (पीजी) कॉलेज, गोला गोकर्णनाथ में ‘पड़ोस युवा संसद’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, लखीमपुर खीरी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक नुकसान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के संस्कृत विभाग के प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने की।

संगोष्ठी के दौरान कृषक समाज इंटर कॉलेज के डॉ. अनिल कुमार ने ‘नशे के मानव शरीर के आंतरिक अंगों पर दुष्प्रभाव एवं उनके निवारण’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि नशे का सेवन शरीर के विभिन्न अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेश कनौजिया ने नशे के प्रमुख कारणों, उसके दुष्परिणामों और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र कुमार और सागर कुमार ने अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास जागरूकता फैलाने की अपील की।

युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल की दी जानकारी

मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला ने युवाओं को संबोधित करते हुए मेरा युवा भारत पोर्टल की उपयोगिता और उस पर उपलब्ध विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध संबंधित माध्यमों तथा टोल-फ्री नंबर के बारे में भी बताया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।

प्रत्येक विकासखंड में आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर आधारित पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम जिले के प्रत्येक विकासखंड में आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरव अवस्थी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्षता कर रहे डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मंजू शुक्ला, श्रीमती नीलम शर्मा सहित अन्य शिक्षकगण, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नवीन वर्मा, तुषार भल्ला, हरिओम पाल, संदीप वर्मा और रितेश वर्मा मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

संगोष्ठी का मुख्य संदेश युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *