कायस्थ महासभा की बैठक में आशुतोष सिन्हा के समर्थन का ऐलान


23 अक्टूबर को स्नातक एमएलसी चुनाव में ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ के संकल्प के साथ मतदाताओं को जागरूक करने की बनी रणनीति


वाराणसी, भारतीय कायस्थ महासभा, वाराणसी मंडल की बैठक रविवार को फुलवरिया स्थित वरुणापुरी के ‘समर्पण’ कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाले वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान विधान परिषद सदस्य एवं प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के समर्थन में मतदान के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। साथ ही ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक का शुभारंभ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद आरती एवं स्तुति की गई। युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरूणी चन्द्र सिन्हा ने किया।
बैठक में आशुतोष सिन्हा ने कहा कि वह कायस्थ समाज के बेटे हैं और अपने महापुरुषों के मान-सम्मान की लड़ाई निरंतर लड़ते रहेंगे। उन्होंने समाज की गौरवशाली विरासत, महापुरुषों के योगदान और उनके सम्मान को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सामाजिक एकजुटता, आपसी समन्वय और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। मतदान के दिन मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने पर भी चर्चा हुई।
11 नवंबर को होगा भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव
बैठक में आगामी 11 नवंबर को भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, कथा, हवन-पूजन, भंडारा एवं सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित हैं। पदाधिकारियों ने आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और समाज के अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की। साथ ही नई पीढ़ी को भगवान चित्रगुप्त के आदर्शों, कायस्थ समाज की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के योगदान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में एलआईसी के राष्ट्रीय नेता एवं महासभा के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रो. शरद कुमार, अधिवक्ता व्योमेश चित्रवंश, रोजगार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष हर्षित श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग लिपिकीय संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव, महिला संभाग की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रीति श्रीवास्तव, युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय मंत्री विक्रम श्रीवास्तव, स्टेशन मास्टर राजेश कुमार श्रीवास्तव, उत्तर रेलवे के ट्रेड यूनियन नेता अनिल कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, योगेश श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव एवं अजीत कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन की एकजुटता मजबूत करने, सामाजिक, वैवाहिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को गति देने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *