एमडी न्यूज राष्ट्रीय शिकायत निवारण अधिकारी- अजीत यादव
गोण्डा, 19 अक्टूबर 2026। बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय, सम्बद्ध स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के अगस्त 2026 से लंबित मानदेय का भुगतान न होने के कारण कर्मचारियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस 7262 उत्तर प्रदेश के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन देकर लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान कराने की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि सफाई कर्मचारी अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा संक्रमण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने परिश्रम का मानदेय समय से नहीं मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मानदेय लंबित होने से कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, मकान का किराया तथा अन्य आवश्यक खर्च पूरे करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि सभी प्रभावित सफाई कर्मचारियों का अगस्त 2026 से लंबित मानदेय तत्काल जारी कराकर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शासनादेशों एवं लागू नियमों के अनुसार देय वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए तथा प्रत्येक माह की 05 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों को वेतन पर्ची एवं भुगतान का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ संबंधित सेवा प्रदाता एजेंसी की जवाबदेही भी निर्धारित की जाए।
ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाता एजेंसी मेसर्स ए. एन. कपूर एजेंसी प्राइवेट लिमिटेड, निराला नगर, लखनऊ से तत्काल हस्तक्षेप कर भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 21 अक्टूबर 2026 की शाम तक सभी प्रभावित सफाई कर्मचारियों के लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो कर्मचारियों की आर्थिक मजबूरी को देखते हुए 22 अक्टूबर 2026 से कार्य बहिष्कार एवं काम बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं सेवा प्रदाता एजेंसी की होगी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस 7262 उत्तर प्रदेश ने प्रशासन से इस गंभीर प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान करने तथा की गई कार्रवाई से संगठन को लिखित रूप में अवगत कराने की मांग की है।


