
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत केरलम के दल का तिब्बती संस्थान में भव्य स्वागत
वाराणसी:
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ सातवे चरण के तहत केरलम (आईआईटी पलक्कड़) से आए 55 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के अतिशय सभागार में भव्य स्वागत किया गया। इस दल में 50 छात्र और 5 शिक्षक शामिल हैं, जिनका नेतृत्व सेलेस्टेट आर. और गोपी श्रीकांत रेड्डी कर रहे हैं।इस दल का स्वागत करते हुए संस्थान की कुलसचिव डॉ सुनीता चंद्रा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के उद्देश्य से यह दल 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के भ्रमण पर रहेगा।एक भारत श्रेष्ठ भारत’ (EBSB) कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों के बीच आपसी समझ, सांस्कृतिक तालमेल और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2015 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर शुरू किया गया था। डॉ. नीमा नेगी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी एक ही मानव परिवार का हिस्सा हैं। हमें केवल अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि समस्त मानव जाति और पृथ्वी के कल्याण के लिए काम करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपकुलसचिव डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।
विदित हो कि 25 अक्टूबर को यह दल लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा, जहाँ वे उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
