
एमडी न्यूज़ बहूआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
जिला रिपोर्टर यूसुफ की रिपोर्ट
रामपुर। आगामी 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली “वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली की तैयारियों की समीक्षा करने तथा रैली को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी श्री संजीव आर्य जी ने जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, रामपुर पहुंचकर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक में सर्वप्रथम जिला अध्यक्ष निक्कू पंडित के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी एवं जिला पदाधिकारियों ने सह-प्रभारी श्री संजीव आर्य जी का स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने दिल्ली रैली को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जुटने का संकल्प लिया।
तत्पश्चात पूर्व विधायक श्री संजय कपूर ने रैली की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से तन-मन-धन से जुटने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
AICC सदस्य श्री मुतीउर्रहमान खां ‘बब्लू’ ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण संघर्ष है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी पूरी ताकत लगानी होगी तथा दिल्ली की रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना होगा।
इसके उपरांत प्रेस को संबोधित करते हुए श्री संजीव आर्य ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया की आड़ में एक विशेष वर्ग एवं पिछड़े वर्गों के लगभग 13,000 मतों के साथ खिलवाड़ किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका और मतदाता सूचियों में कथित हेराफेरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निक्कू पंडित ने कहा कि रामपुर में “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनजागरण का अभियान छेड़ रखा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेसजन इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी की आवाज और मताधिकार की रक्षा का संदेश हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। दिल्ली की रैली को सफल बनाने के लिए रामपुर से भी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री बाकर खां सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस अवसर पर अजय स्वरास्त सोनी मुरादाबाद से उपस्थित रहे।
