
मथुरा (यमुनापार)। जनपद मथुरा के जमुनापार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर तिराहे के पास एटीएम बूथ पर कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए कथित ठग को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर निवासी युवती नकदी निकालने के लिए एटीएम बूथ पर पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने मदद करने के बहाने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और कथित तौर पर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। कार्ड बदलने का शक होते ही युवती सतर्क हो गई। जैसे ही आरोपी मौके से भागने लगा, युवती ने उसे पकड़ लिया।
युवती के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसके साथी फरार हो गए।
सूचना मिलने पर जमुनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। दी गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के पास से युवती के रुपये और बदला गया एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लक्ष्मीनगर तिराहे सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार साथियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी
