हाईवे पर फैल गया पेट्रोल, ग्रामीणों में भरकर ले जाने की मची होड़; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटाई भीड़

मथुरा। महावन थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर के समीप मथुरा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर पेट्रोल से भरा टैंकर पलटने के बाद अफरा-तफरी मच गई। टैंकर पलटते ही सड़क किनारे पेट्रोल फैलने लगा। इसके बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पेट्रोल भरकर ले जाने की होड़ मच गई। लोग बाल्टी, कैन, बोतल और अन्य बर्तन लेकर पेट्रोल भरते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, टैंकर मथुरा स्थित आईओसीएल रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मनोहरपुर गांव के पास आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर चालक राधेश्याम निवासी इगलास ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। चालक के अनुसार, उसे कोई चोट नहीं आई।

टैंकर पलटने के बाद सड़क किनारे पेट्रोल फैल गया। इसी दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। वायरल वीडियो में लोग बाल्टियों और कैनों में पेट्रोल भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग अपनी बाइक में भी पेट्रोल भरते नजर आए। पेट्रोल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ के आसपास इस तरह भीड़ जुटने से आग लगने का खतरा बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंच गईं। महावन थाना प्रभारी चेतराम शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पेट्रोल भर रहे लोगों को हटाकर स्थिति नियंत्रित की। वहीं, पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे हटवा दिया गया है। हाईवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

संवाददाता जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख

0 views

By MD_News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *