
तनाव को नियंत्रण में रखकर हृदय से करें संवाद : डॉ. कृष्ण मुरारी त्रिपाठी
31वें बनारस पुस्तक मेले में हृदय स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पर हुई परिचर्चा, ई-बुक ‘द इनविजिबल ओवरटाइम’ का हुआ लोकार्पण
वाराणसी। बल मानव उत्थान समिति की ओर से आयोजित 31वें बनारस पुस्तक मेले में हृदय स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग साधना केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. कृष्ण मुरारी त्रिपाठी ने कहा कि तनाव को नियंत्रण में रखना और अपने हृदय से संवाद करना स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर हृदय को स्वस्थ रखा जा सकता है। शरीर के प्रत्येक अंग के संकेतों को समझना और समय रहते उनकी देखभाल करना आवश्यक है।
मनोवैज्ञानिक प्रशिक्षक डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने तनाव प्रबंधन के उपाय बताते हुए कहा कि गुस्से और नकारात्मक भावनाओं को मन में दबाकर रखने के बजाय उन्हें सकारात्मक तरीके से बाहर निकालना चाहिए। नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और सक्रिय जीवनशैली तनाव कम करने में सहायक हैं। उन्होंने कार्यालय में लंबे समय तक बैठकर काम करने वालों को बीच-बीच में पैरों को सीधा रखने और रक्त संचार बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही आठ से नौ घंटे की नींद, नियमित स्वास्थ्य जांच और लिपिड प्रोफाइल टेस्ट के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.के. सोनकर ने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखना स्वस्थ जीवन का आधार है। इसके लिए सकारात्मक सोच और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना अपनानी चाहिए। सेवानिवृत्त सहायक अभियंता परशुराम मौर्य ने फिजिकल, मेंटल और सोशल हेल्थ के महत्व पर चर्चा करते हुए आधुनिक उपकरणों के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व अधिकारी अबुल हुसैन ने कहा कि कई बार व्यक्ति स्वयं तनाव को आमंत्रित करता है। इसलिए हमेशा सकारात्मक बने रहना चाहिए और अपने विचारों को मन में दबाकर रखने के बजाय दूसरों के साथ साझा करना चाहिए। उन्होंने योग और मयूरासन के लाभों पर भी प्रकाश डाला। अन्य वक्ताओं ने कहा कि योग अपनी शारीरिक क्षमता और योग्यता के अनुसार प्रशिक्षित मार्गदर्शन में करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात ई-बुक ‘द इनविजिबल ओवरटाइम’ का लोकार्पण किया गया। इस ई-बुक को पाठक निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक मिथिलेश कुमार ने किया। आयोजन में नरेंद्र पांडेय, अशोक कुमार मिश्र, सुनील कुमार गुप्ता, अमोघराम नागर, यशवंत पाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
