रिपोर्ट: कमल शर्मा
अलीगढ़। पुराने छर्रा अड्डा क्षेत्र की सड़क नगर निगम द्वारा डाली गई पाइपलाइन के बाद जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क का एक हिस्सा उखड़कर गड्ढों, मलबा और मिट्टी-रोड़ी में तब्दील हो गया है, जबकि पक्का हिस्सा भी असमान स्तर पर नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के मुताबिक, पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की समुचित मरम्मत और समतलीकरण नहीं होने से रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
व्यस्त मार्ग होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सतह के बीच वाहन संभालने में परेशानी होती है, वहीं स्कूल बसों, लोडिंग वाहनों और अन्य गाड़ियों के निकलने से धूल उड़ने व जाम जैसी स्थिति बनने की समस्या भी बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने नगbर निगम प्रशासन से मांग की है कि पुराने छर्रा अड्डे के पास पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त हुई इस सड़क की शीघ्र मरम्मत कराकर इसे समतल और सुचारु बनाया जाए, ताकि राहगीरों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके।

