दामाद समेत दो लोगों के साथ मारपीट का आरोप, जान से मारने की धमकी देने का भी लगाया आरोप

महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया उत्तर टोला गांव में शादी समारोह के दौरान बारात में हुड़दंग मचाने और इसका विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें शिकायतकर्ता के दामाद समेत दो लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सबया उत्तर टोला निवासी राधेश्याम पुत्र सोमई ने कोठीभार पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 19 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनके घर बेटी की शादी में बारात आई थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सागर पुत्र ओमप्रकाश, आनंद सागर एवं गंगा सागर पुत्रगण देवेंद्र तथा देवेंद्र पुत्र भगवंत बारात में पहुंचकर हुड़दंग मचाने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उनके दामाद तथा नगीना के साथ मारपीट की। इस घटना में उनके दामाद को काफी चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले में कोठीभार थाने में 24 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0357 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सच्चिदानंद कुमार को सौंपी गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed