सीतापुर । मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे दो शातिर बदमाशों ने दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने की चेन चोरी कर ली थी। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोने की दोनों चेन बरामद हुई हैं, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को कस्बा मिश्रिख के तहसील तिराहे पर पोस्ट ऑफिस के सामने स्थित राठौर ज्वैलर्स की दुकान पर लाल रंग की पल्सर बाइक से दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे थे।
दोनों ने दुकानदार दिलीप राठौर को अंगूठी देखने के बहाने बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान मौका पाकर धोखे से सोने की चेन चोरी कर ली और बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
सीओ मिश्रिख विशाल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट श्रवण तिवारी
