एमडी न्यूज सहायक ब्यूरों कौशाम्बी- निकेश यादव
कौशाम्बी -कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गिरसा गांव में हुई 50 वर्षीय महिला राजमति की हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। बीते 20 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे घर के अंदर महिला का शव मिलने की सूचना पर एसपी सत्यनारायण समेत आला अधिकारी डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतका की सबसे छोटी बेटी शैलजा देवी उर्फ विद्या और उसके प्रेमी दिलीप कुमार सरोज को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया। बड़ी बहन के देवर से चल रहा था प्रेम प्रसंग मां के विरोध करने पर रची हत्या की साजिश , पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शैलजा देवी उर्फ विद्या का अपनी ही बड़ी बहन के देवर दिलीप कुमार सरोज के साथ प्रेम संबंध चल रहा था और दोनों शादी करना चाहते थे। हालांकि, शैलजा की मां राजमति इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं। मां का यह विरोध प्रेमी जोड़े को इतना नागवार गुजरा कि दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार कर लिया। 20 नवंबर को शैलजा ने दिलीप को फोन कर सूचना दी कि शाम को परिवार के सभी सदस्य मेला देखने जाएंगे और घर पर मां अकेली रहेंगी। हत्या के बाद कपड़े साफ कर खुद मेला पहुंच गया आरोपी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल बरामद
मौके का फायदा उठाकर दिलीप घर में दाखिल हुआ और राजमति के सिर पर ईंट के टुकड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने ईंट को तालाब के किनारे फेंक दिया और अपने कपड़े व जूते साफ कर किसी को शक न हो इसके लिए खुद भी मेला पहुंच गया।
एडिशनल एसपी अमिता सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दिलीप को तिलैया टिकुर पुल के पास से तथा शैलजा को उसके घर से गिरफ्तार किया है। दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा, खून लगे कपड़े, जूते और मोबाइल फोन बरामद कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


