रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। रामपुर मनिहारान के मुख्य बाजार में ई-रिक्शाओं की लगातार बढ़ती आवाजाही के कारण जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। बाजार की सड़कों पर हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोगों को पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है। सुबह से लेकर शाम तक बाजार में जाम लगा रहता है। आम जनता, व्यापारी, राहगीर और दुकानदार इस समस्या से बुरी तरह परेशान हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि जिम्मेदार अधिकारियों को जनता की इस परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई महीने पहले भी इस गंभीर समस्या को लेकर थाना प्रशासन, नगर पंचायत और क्षेत्रीय विधायक तक अपनी मांग और शिकायत पहुंचाई गई थी। लोगों ने मांग की थी कि ई-रिक्शाओं के लिए बाजार के बजाय बाईपास मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि मुख्य बाजार में वाहनों का दबाव कम हो और आम लोगों को राहत मिल सके। लेकिन अफसोस की बात है कि महीनों बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा है।

इमरजेंसी में जाने वाले लोगों की बढ़ रही परेशानी

बाजार में लगने वाले जाम का सबसे ज्यादा खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ता है, जिन्हें किसी जरूरी काम से अस्पताल, स्कूल, कार्यालय या अन्य स्थानों पर पहुंचना होता है। कई बार लोगों को जाम में घंटों फंसे रहना पड़ता है। यदि किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाना हो या किसी व्यक्ति को इमरजेंसी में कहीं जाना हो तो जाम के कारण समय पर पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।

सवाल यह है कि आखिर आम जनता को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी? क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को बाजार की बदहाल यातायात व्यवस्था दिखाई नहीं देती?

चुनाव के समय याद आती है जनता, बाद में समस्याएं क्यों भुला दी जाती हैं?

आम जनता के मन में एक बड़ा सवाल यह भी है कि जब चुनाव का समय आता है तो नेता और जनप्रतिनिधि वोट मांगने के लिए घर-घर और गली-गली पहुंच जाते हैं। जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जब जनता अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाती है तो उसकी सुनवाई क्यों नहीं होती?

रामपुर मनिहारान की जनता किसी से कोई बड़ी मांग नहीं कर रही है। लोग सिर्फ इतना चाहते हैं कि बाजार को जाम से मुक्ति मिले और ई-रिक्शाओं के लिए कोई उचित यातायात व्यवस्था बनाई जाए।

प्रशासन से जनता की प्रमुख मांग

स्थानीय लोगों की मांग है कि ई-रिक्शाओं के लिए बाईपास मार्ग या निर्धारित रूट की व्यवस्था की जाए। बाजार में अनावश्यक रूप से ई-रिक्शाओं के प्रवेश को नियंत्रित किया जाए। बाजार के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

अब देखना यह होगा कि थाना प्रशासन, नगर पंचायत और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और रामपुर मनिहारान की जनता को जाम से कब तक राहत मिलती है।

जनता की आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचनी चाहिए। विकास के दावे तभी सार्थक होंगे, जब आम आदमी को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिलेगी।

रिपोर्ट: इरफान मलिक संवाददाता
MD NEWS
| रामपुर मनिहारान, सहारनपुर

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *