
एमडी न्यूज राष्ट्रीय शिकायत निवारण अधिकारी- अजीत यादव
गोण्डा। जनपद के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत पुलिस चौकी सालपुर क्षेत्र के पंडरी कृपाल ब्लाक अंतर्गत प्रसिद्ध सोनबरसा पोखरा पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगा मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।पुलिस चौकी सालपुर के चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मेला स्थल पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सादे कपड़ों में भी जवानों को लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि सोनबरसा पोखरा पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर यहां स्नान करने से गंगा स्नान के बराबर पुण्य मिलता है, जिसके चलते दूर-दराज से लोग यहां आते हैं। दोपहर तक पूरे मेला परिसर में हजारों की भीड़ जुट गई थी। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सालपुर पुलिस चौकी की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। चौकी प्रभारी अरविंद कुमार स्वयं सहयोगी विनोद कुमार सिंह और सोहन के साथ पूरे मेला स्थल पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था भी सुचारू रही। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस की मुस्तैदी और मेला समिति के सहयोग से मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
